Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में लीजेंड्स लीग : मणिपाल टाइगर्स ने भीलवाड़ा किंग्स को 89 रनों से हराया

क्रिकेट देखने हजारों दर्शक पहुंचे स्टेडियम, आज इंडिया कैपिटल्स, सदर्न सुपर स्टार्स भिडे़ंगे
देहरादून। दून में शुक्रवार को लीजेंड्स लीग के एक मैच में चैडविक वॉल्टन और रॉबिन उथप्पा की ताबड़तोड़ पारी के दम पर मणिपाल टाइगर्स ने भीलवाड़ा किंग्स को 89 रनों से हरा शानदार जीत दर्ज की। चैडविक ने 104 और उथप्पा ने 51 रनों की पारी खेली। चैडविक प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। इस मुकाबले को लेकर दूनवासियों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुक्रवार को भीलवाड़ा किंग्स और मणिपाल टाइगर्स के बीच मुकाबला हुआ। भीलवाड़ा के कप्तान इरफान पठान ने टॉस जीत पहले गेंदबाजी चुनी। मणिपाल के रॉबिन उथप्पा और चैडविक वॉल्टन ने पारी की शुरुआत की। उथप्पा पूरी लय में नजर आए। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले ही विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद उथप्पा 51 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के जड़े। उथप्पा के आउट होने के बाद चैडविक ने हेमिल्टन मासाकड्जा के साथ धमाल जारी रखा। दोनों के बीच करीब 120 रन की साझेदारी हुई। मगर, इसके बाद हेमिल्टन 37 रनों के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए। फिर थसारा परेरा मैदान में उतरे, लेकिन इरफान की गेंद पर महज छह रनों के स्कोर पर बर्नवेल को कैच थमा बैठे। परेरा के आउट होते ही 19वें ओवर में शतकीय पारी खेलने के बाद चैडविक ने अपना विकेट गंवा दिया। उन्होंने 55 गेंदों में 09 चौके और छह छक्कों की मदद से शानदार 104 रन बनाए। मणिपाल ने 20 ओवरों में 212 रनों का विशाल लक्ष्य रख दिया था।
मैच के दौरान पुलिस का भी सख्त पहरा रहा। महाराणा प्रताप चौक से लेकर स्टेडियम तक जगह-जगह पुलिस तैनात थी। मुख्य गेट पर जांच के बिना लोगों को अंदर नहीं आने दिया गया। स्टेडियम के अंदर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात नजर आए।
25 हजार क्षमता वाले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुक्रवार को छह से सात हजार लोगों ने लीजेंड्स लीग का मैच देखा। शुरुआत में स्टेडियम खाली था, पर मैच शुरू होने के बाद भीड़ बढ़ती रही। कई लोग तिरंगा लहराते नजर आए। इससे पूर्व, मुख्य गेट पर लोग दो घंटे तक लाइन में खड़े रहे।
लीजेंड्स लीग के सीईओ और सह संस्थापक रमन रहेजा ने कहा है कि उनकी कोशिश है कि एक मंच पर विश्व के लीजेंड्स जुटें। खिलाड़ी बस खेलते रहें, कभी रिटायर नहीं हों। उनका उद्देश्य उन शहरों के लोगों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रोमांच से रूबरू करवाना है, जहां पर स्टेडियम तो है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं होते। रहेजा ने बताया कि आने वाले दिनों में वो हल्द्वानी में भी लीजेंड्स लीग के मैच करवाएंगे। महेंद्र सिंह धौनी से बात चल रही है। उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में धौनी भी लीग में खेलते दिखेंगे।
लीजेंड्स लीग के लिए विभिन्न टीमों के खिलाड़ी पहुंच चुके हैं। अभिमन्यु एकेडमी में शुक्रवार को अभ्यास सत्र चला। सदर्न सुपर स्टार्स ने सुबह के सत्र में जमकर पसीना बहाया। मैदान पर कप्तान एरॉन फिंच, उपुल थरंगा, रॉस टेलर, जेसी राइडर, कैमरून वाइट पहुंचे। उन्होंने अभ्यास सत्र में जमकर छक्के लगाए।
दून में शनिवार को इंडियन कैपिटल्स और सदर्न सुपर स्टार्स के बीच मुकाबला होगा। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शाम 630 बजे से यह मैच खेला जाएगा। इंडिया कैपिटल्स के कप्तान गौतम गंभीर और सुपर स्टार्स की कप्तानी एरॉन फिंच करेंगे। दोनों टीमों में हाशिम अमला, केविन पीटरसन, उपुल थरंगा, रॉस टेलर, जेसी राइडर शामिल हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›