Report by : CWN Desk
Published at :
एलटी शिक्षकों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी, अब मंडल परिवर्तन का अधिकार मिलेगा

धामी अंतरमंडलीय स्थानांतरण की सुविधा देने के निर्णय पर मंत्रिमंडल ने मुहर लगाई
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत हजारों एलटी शिक्षकों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी कर दी। मंडलीय संवर्ग के इन शिक्षकों को अब पूरे सेवाकाल में एक बार मंडल परिवर्तन का अधिकार मिलेगा। उन्हें एक बार अंतरमंडलीय स्थानांतरण की सुविधा देने के निर्णय पर मंत्रिमंडल ने मुहर लगा दी।
मंत्रिमंडल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट और राज्यपाल के अभिभाषण को भी स्वीकृति दी। नए बजट का आकार लगभग 90 हजार करोड़ बताया गया है। माना जा रहा है कि सरकार 27 फरवरी को विधानसभा सत्र के दौरान नए बजट को सदन के पटल पर प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
विधानसभा सत्र की अधिसूचना जारी होने के कारण मंत्रिमंडल के निर्णयों को ब्रीफ नहीं किया गया। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल ने राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत एलटी संवर्ग शिक्षकों की मांग पूरी कर दी। सहायक अध्यापक एलटी वेतनक्रम में कार्यरत शिक्षकों को अब सेवा में एक बार मंडल संवर्ग परिवर्तन का अवसर मिलेगा।
इसके लिए संबंधित नियमावली में संशोधन को मंत्रिमंडल ने स्वीकृति दी। सरकार के इस निर्णय से 20 हजार से अधिक एलटी शिक्षक लाभान्वित होंगे। राजकीय शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गत जनवरी माह में शिक्षकों की मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की थी। मुख्यमंत्री ने मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया था। मंत्रिमंडल ने इसे पूरा कर दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›