Report by : Paras Bisht
Published at :
आइआइटी कानपुर में बेटे का एडमिशन कराने गए हल्द्वानी के व्यक्ति की ट्रेन में मिली लाश

हल्द्वानी। दमुवाढूंगा से बेटे का एडमिशन कराने कानपुर गए पिता की वापसी में ट्रेन में लाश आई। वह कई किलोमीटर दूर से बेसुध होकर लालकुआं स्टेशन पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से स्वजन में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी 47 वर्षीय कमलकांत छिम्वाल एक दवा कंपनी में काम करते थे। उनके स्वजन भूपेश छिम्वाल ने बताया कि कमलकांत के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा पैथोलाजी कोर्स कर रहा है, जबकि दूसरे बेटे का आइआइटी कानपुर में चयन हुआ है।
कमलाकांत छोटे बेटे का एडमिशन कराने कानपुर गए थे। शुक्रवार की रात को उन्होंने स्वजन को काल किया और ट्रेन से लौटने की बात कही थी। इसके बाद उनसे बात नहीं हो सकी। देर रात तक स्वजन उन्हें फोन करते रहे, लेकिन फोन नहीं उठा।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह सात बजे ट्रेन लालकुआं पहुंची। इस बीच उनका फोन अनजान व्यक्ति ने उठाया और जानकारी दी कि कमलकांत ट्रेन में बेसुध पड़े हैं। तत्काल उन्हें एसटीएच लाया गया, मगर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी, मगर किसी को पता नहीं चला। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›