Report by : Paras Bisht
Published at :
कुमाऊं की बारिश से हल्द्वानी के निचके इलाके जलमग्न, लालकुआं से कई ट्रेन बाधित

हल्द्वानी। भारी बारिश के कारण लालकुआं स्टेशन में पानी भर गया है। पानी भरने के कारण लालकुआं से बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई। उधर काशीपुर से वाया लालकुआं होते हुए बरेली जाने वाली ट्रेन स्टेशन से डेढ़ किलोमीटर पहले जंगल में रोक दी गई। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 
उधर लखनऊ से आने वाली ट्रेन को किच्छा में रोका गया। यहीं से ट्रेन को वापस भेजा जाएगा। उधर काशीपुर से इंजन बुलाया गया है। जंगल में खड़ी की गई ट्रेन को इंजन खींचकर काशीपुर ले जाएगा।  मुरादाबाद से आने वाली ट्रेन को रुद्रपुर रोका गया है।
लालकुआं के स्टेशन अधीक्षक पुष्कर सिंह ने बताया पानी भरने के कारण ट्रैक नहीं दिखाई दे रहे हैं। पटरियाें में घुटनों तक पानी भरा है। पानी सूखने के बाद ही ट्रेन का संचालन शुरू होगा। तब तक सभी ट्रेन लालकुआं स्टेशन आने से रोकी गई हैं। लालकुआं से बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का संचालन फिलहाल रद्द कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›