Report by : Paras Bisht
Published at :
मुरादाबाद के युवक की हल्द्वानी में मौत, इस वजह से कर ली आत्महत्या

हल्द्वानी। मुरादाबाद निवासी युवक कर्ज नहीं चुका पाया। इस कारण उसने 25 जून की रात फांसी लगा ली। गंभीर अवस्था में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया। रविवार देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर पांच फतेहउल्लाह गंज ठाकुरद्वारा मुरादाबाद निवासी 38 वर्षीय अजय कुमार की रविवार की देर रात हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक अजय ने 25 जून की रात कर्ज से परेशान होकर फांसी लगा ली थी। मुरादाबाद में इलाज के बाद दो दिन पहले ही उसे एसटीएच में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने बताया कि अजय की चार साल पहले शादी हुई थी। शादी के लिए उसने कर्ज लिया था। कर्ज चुकाने के साथ-साथ मासिक कमेटी की किस्तें भी भर रहा था।
अजय मजदूरी करता था। परिवार में उसकी पत्नी बबिता और दो बेटियां हैं। 25 जून की रात परिवार वालों ने अजय को घर के कमरे में फंदे पर लटका देखा। परिवार वालों ने अजय को तुरंत फंदे से उतारकर मुरादाबाद के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद 29 जून को एसटीएच हल्द्वानी में भर्ती करा दिया। यहां रविवार की रात उसकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›