Report by : CWN Desk
Published at :
ससुराल से मायके के लिए निकली महिला ने दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दी

शवों के कई टुकड़े हो गए, खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं
प्रयागराज।
ससुराल से मायके जाने के लिए निकली महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जसरा रेलवे स्टेशन पर सारनाथ एक्सप्रेस के सामने कूद कर खुदकुशी कर ली। घटनास्थल पर पहुंचे महिला के ससुर ने शवों की शिनाख्त की। खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रयागराज के लालपुर थाना अंतर्गत चिल्ला गांव निवासी टुनटुन यादव की पत्नी अंजना यादव (35) अपने दोनों बच्चे समीक्षा (5) और स्वेच्छा (4) के साथ दोपहर तक जसरा स्टेशन पहुंच गई थी। आसपास के लोगों ने बताया कि महिला तीन-चार घंटे जसरा स्टेशन के प्रतीक्षालय में बच्चों के साथ रही, जहां उसने बच्चों को बिस्कुट और पानी दिया। इस दौरान ज्यादातर समय फोन पर उलझी रही।
शाम 5:00 बजे के बाद वह स्टेशन के दक्षिणी छोर की ओर बढ़ गई। इसी समय प्रयागराज से शंकरगढ़ की तरफ जा रही सारनाथ एक्सप्रेस आ रही थी, जिसके सामने वह दोनों बच्चों के साथ कूद गई। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। बच्चे ट्रेन की टक्कर से दूर जा गिरे। महिला के शरीर के भी कई टुकड़े हो गए।
घटना के बाद जब जसरा बाजार में लोगों को पता चला तो बाजार में ही मौजूद टुनटुन यादव के पिता राम कैलाश उर्फ पंडा भी घटनास्थल पर पहुंचे। बहू और बच्चों का क्षत-विक्षत शव देखकर होश खो बैठे। उन्होंने बताया की बहू अंजना का मायका मऊ चित्रकूट में है। छह साल पहले शादी हुई थी। अंजना का पति टुनटुन और उसके दो भाई मुंबई में काम करते हैं। कुछ दिनों से पति-पत्नी अलग-अलग रह रहे थे। उन्होंने बताया कि बहू घर से सुबह अपने मायके जाने की बात कह कर बच्चों के साथ निकली थी। शाम पांच बजे के लगभग उसने फोन पर बात भी की। घटना की सूचना पर डीसीपी यमुनानगर श्रद्धा नरेंद्र पांडे, एसीपी बारा संत लाल सरोज, इंस्पेक्टर घूरपुर केशव वर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय भेजा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›