Report by : CWN Desk
Published at :
नौ माह के बच्चे को उसके माता-पिता ने किशनपुर बराल स्थित बाबा महावीर गिरि मंदिर को दान किया

बागपत। नौ माह के बच्चे को उसके माता-पिता ने किशनपुर बराल स्थित बाबा महावीर गिरि मंदिर को दान कर दिया।
किशनपुर बराल स्थित रामताल में बाबा महावीर गिरि गोपाल गिरि मंदिर के महंत प्रयागराज गिरि ने बताया कि कंडेरा निवासी मीनाक्षी देवी ने मंदिर में आकर अपनी कोई मनोकामना की थी। अब उनकी मनोकामना पूर्ण हो गई। इस पर उन्होंने अपने नौ माह के पोते चेतन को धूना (स्थायी हवनकुंड) पर रखकर दान कर दिया। 
महंत प्रयागराज गिरि ने बालक का नामकरण रामगोपाल गिरि किया। उन्होंने कहा कि अब इस बालक को बाबा रामगोपाल गिरि नाम से पुकारा जाएगा। यह बालक दो साल का होने तक मां का दूध पीएगा, तब तक वह अपने माता-पिता के पास ही रहेगा। दो साल पूर्ण होने पर वह मंदिर में आ जाएगा।
बच्चे के पिता मोनू कश्यप और मां आरती हैं। इनको इस बच्चे के अलावा एक नौ वर्षीय बेटी और एक दो साल का बेटा है। मोनू चालक हैं और किराए की गाड़ी चलाते हैं। बच्चे की दादी मीनाक्षी धार्मिक प्रवृत्ति की हैं और भजन-कीर्तन करती हैं। मीनाक्षी ने बताया कि उनकी एक मनोकामना पूर्ण हुई थी, इसलिए बच्चे को दान कर दिया है। मीनाक्षी के पति सत्यकुमार का निधन हो चुका है। वे भी धार्मिक प्रवृत्ति के थे और मंदिर के प्रति उनकी आस्था थी। महंत प्रयागराज गिरि का कहना है कि इस गद्दी से लोगों की आस्था जुड़ी है। गद्दी को कोई वारिस नहीं मिल रहा था। बालक के आने से वारिस मिल सकेगा। परिजनों ने अपनी इच्छा से बच्चे को दान किया है। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›