Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड में आज तेज बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट

आज चम्पावत और नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश ऑरेंज अलर्ट
देहरादून
। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह का पूर्वानुमान जारी कर विभिन्न जिलों में 27 से 29 जून और दो व तीन जुलाई को भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि बृहस्पतिवार को चंपावत और नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश ऑरेंज और देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और ऊधमसिंहनगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान चारधाम यात्रा के मद्देनजर प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उधर, बुधवार को राजधानी में 6.6 मिलीमीटर बारिश से उमस भरी गर्मी से कुछ देर के लिए राहत मिली।
मौसम विभाग ने 27 जून से 3 जुलाई तक का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह की ओर से जारी सूचना के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 27 से 29 जून एवं दो और तीन जुलाई को भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 30 जून और एक जुलाई को भारी बारिश चेतावनी जारी की गई है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इस दौरान बारिश से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मलबा और पत्थरों के गिरने की आशंका बनी रहेगी। इसलिए भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में यात्रा आदि न करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही प्रशासन को चारधाम यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›