Report by : CWN Desk
Published at :
दून-दिल्ली मार्ग पर किसान आंदोलन के चलते जगह-जगह जाम, बसों के जाम में फंसने से यात्री परेशान

आंदोलन के कारण उत्तराखंड की बसों के संचालन पर असर
देहरादून। दून-दिल्ली मार्ग पर किसान आंदोलन के चलते जगह-जगह जाम लगाए जाने की घटना के चलते सोमवार को दून और हरिद्वार समेत कोटद्वार आदि से दिल्ली जाने वाली बसें प्रभावित रहीं। बसें जगह-जगह लंबे जाम में फंस गईं, इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। इसे देखते हुए दिल्ली की तरफ बसों का संचालन दोपहर तक कम कर दिया गया। हालांकि, शाम को संचालन फिर सुचारु हो गया।
केंद्र सरकार के विरोध में किसानों के उग्र आंदोलन का असर सोमवार को उत्तराखंड में भी देखने को मिला। दून-दिल्ली हाइवे पर सहारनपुर के बिहारीगढ़ समेत मुजफ्फरनगर, मेरठ आदि में किसानों ने ट्रैक्टर सड़क पर लगाकर यातायात ठप कर दिया। जिसके चलते दून से दिल्ली, सहारनपुर, मेरठ आदि के लिए भेजी गई परिवहन निगम की बसें घंटों जाम में फंसी रहीं।
हालांकि, कोई बस वापस नहीं लौटी, लेकिन बसें जाम में फंसने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। यही स्थिति हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश व कोटद्वार डिपो से दिल्ली की तरफ जाने वाली बसों की भी रही। बसें रास्ते में जगह-जगह जाम लगने के कारण घंटों देरी से दिल्ली पहुंची, जिस वजह से दिल्ली में बसों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया।
परिवहन निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि चालक-परिचालकों को आदेश दिया गया कि आंदोलन के दौरान जबरदस्ती बसों का संचालन न करें और बसें जहां तक सुरक्षित पहुंच सकती हैं, वहां तक ले जाएं। वहीं, किसान आंदोलन के कारण पंजाब की ओर जाने वाली बसों के संचालन पर भी काफी असर पड़ा है। जालंधर व अमृतसर समेत लुधियाना वाली सेवाएं लगातार प्रभावित चल रही हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›