Report by : CWN Desk
Published at :
चारधाम यात्रा मार्ग पर बने जीएमवीएन के होटल जुलाई से मेक माय ट्रिप के जरिये बुक हो सकेंगे

सरकार ने सुगम व सुरक्षित यात्रा के संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए
देहरादून
। चारधाम यात्रा के शुरुआती दिनों में आई दिक्कतों के दृष्टिगत व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में कसरत तेज की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सुगम व सुरक्षित यात्रा के संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। यात्रा सुरक्षित हो और श्रद्धालुओं को दर्शन का लाभ मिले, इस पर जोर दिया जा रहा है।
श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे पंजीकरण की तिथियों में ही यात्रा करें। यह भी तय किया गया है कि पंजीकरण वाले दिनों से इतर यात्रियों को ले जाने वाले वाहनों के परमिट निलंबित किए जाएंगे और संबंधित यात्रियों को होल्ड किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर आरटीओ और जिला प्रशासन की टीम वाहनों की नियमित रूप से जांच करेंगी।
मुख्यमंत्री धामी लगातार चारधाम यात्रा की व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं। इस बीच मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सचिवालय में चारधाम यात्रा प्रबंधन की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने यात्रा के दौरान बिना पंजीकरण, ट्रिप कार्ड या पोस्ट डेटेड पंजीकरण के वाहनों के संचालन पर सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे वाहनों को वापस भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को टूर आपरेटर के साथ इस मुद्दे पर बैठक करने को कहा। तय किया गया कि इस सिलसिले में अन्य राज्यों के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशकों को भी पत्र भेजा जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›