Report by : CWN Desk
Published at :
पेंशन की खत्म हुई टेंशन, अब 3 नहीं हर महीने मिलेगी पेंशन

मुख्यमंत्री धामी ने 8,36,603 लाभार्थियों को 125 करोड़ की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन क्लिक व्यवस्था के अंतर्गत 8,36,603 लाभार्थियों को 125 करोड़ की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि पेंशन का भुगतान तीन माह के स्थान पर अब प्रत्येक माह होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया।
वन क्लिक माध्यम से फरवरी माह, 2024 की पेंशन के रूप में वृद्धावस्था पेंशन के 333180 लाभार्थियों को 79.97 करोड़, विधवा पेंशन के 2,12,030 लाभार्थियों को 31.80 करोड़ की राशि दी गई। दिव्यांग पेंशन के 91,393 लाभार्थियों को 13.70 करोड़ की राशि भेजी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पेंशन योजनाओं को सरल बनाने का कार्य किया है। साथ ही पहले मिलने वाली धनराशि को 1200 से बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है। बुजुर्ग दंपतियों को पेंशन देने से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहले पेंशन का भुगतान तीन-तीन माह के अंतराल पर होता था। अब प्रत्येक माह पेंशन सीधे लाभार्थियों के खाते में आएगी। इस योजना का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों को पेंशन देने के साथ ही मुख्यधारा से जोड़ने, रोजगार देने व उनकी उन्नति के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि अप्रैल, 2023 से ही पेंशन योजना के समस्त आवेदन ऑनलाइन किए जाने की व्यवस्था की गई है। इससे पेंशन स्वीकृति में पारदर्शिता आई है। आवेदकों को अपने आवेदन की स्थिति जाने का अवसर मिल रहा है। सरकार सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभान्वित करने के लिए तत्पर है। समय-समय पर पेंशन वितरण व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उनका हर पल राज्य के विकास एवं राज्यवासियों को समर्पित है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›