Report by : CWN Desk
Published at :
खेलते-खेलते पानी के गड्ढे में गिरकर डूबने से 4 मासूम बच्चों की मौत

खोजने गए पिता को गड्ढे में दिखा बच्चे का पैर, ईंट भट्टे के पास बना था पानी भरा हुआ गड्ढा
अमरोहा के गजरौला स्थित नौनेर में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से चार मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे में मरने वाले बच्चों की उम्र 2 से 3 साल के बीच है। सभी बच्चे ईंट भट्ठे के पास खाली स्थान में खेल रहे थे।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा अमरोहा के गजरौला स्थित नौनेर इलाके में हुआ। यहां रजब अली नाम के एक शख्स का ईंट भट्ठा है। उसके भट्ठे पर ज्यादातर बिहार के मजदूर काम करते हैं। एक स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि नारायण की बेटी सोनाली (3), राम का बेटा सौरभ (2), झगड़ू की बेटी नेहा (3) और अजय का बेटा अजीत (2) ईंट भट्ठे के पास खेल रहे थे। पास में ही पानी से भरा एक गड्ढा था।
बच्चों के काफी देर तक वापस नहीं आने पर बच्चों के माता-पिता को चिंता हुई। झगड़ू अपनी बेटी की खोज में गड्ढे के पास पहुंचा। जहां गड्ढे में एक बच्चे के पैर दिखाई दिए। उसने आनन-फानन में पैर को खींचा तो वह उसकी बेटी थी। इसके बाद मौके पर अन्य लोग भी आ गए। सभी ने कड़ी मशक्कत के बाद एक एक करके चारों बच्चों को निकाल लिया।
सूचना पर भट्ठा मालिक और उसके परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके बाद चारों बच्चों को दफना दिया था, लेकिन किसी तरह से पुलिस को मामले की जानकारी हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सभी बच्चों के शवों को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›