Report by : CWN Desk
Published at :
“मां काली दर्शन दो” कहकर पुजारी ने चाकू से अपना गला रेत जान दी

वाराणसी: कोतवाली थाना क्षेत्र के गायघाट में एक दिल दहला देने वाली घटना में एक पुजारी ने मंगलवार को पूजा के दौरान अपना गला रेतकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमित शर्मा (40) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी जुली और 10 वर्षीय बेटे समीर के साथ गायघाट पत्थरगली में सूरज प्रसाद मेहरा के मकान में किराए पर रहता था।
सूचना के अनुसार, मंगलवार दोपहर अमित घर के आंगन में पूजा कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक जोर-जोर से चिल्लाने लगा और “मां काली दर्शन दो” कहकर पास रखे चाकू से अपना गला रेत लिया। चीख सुनकर उसकी पत्नी जुली और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में अमित को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पुलिस ने बताया कि अमित पूजा-पाठ में बहुत विश्वास रखता था। वह काशी विश्वनाथ मंदिर में लोगों को दर्शन कराता था और खुद भी नियमित रूप से पूजा करता था। मकान मालिक सूरज प्रसाद मेहरा ने बताया कि अमित रोज की तरह मंगलवार को भी पूजा कर रहा था। अचानक उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या के पीछे क्या कारण था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›