Report by : CWN Desk
Published at :
जल्द तैयार हो जाएगा 200 बेड का एमसीएच अस्पताल, मरीजों को मिल सकेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने की निर्माणदायी संस्था के साथ समीक्षा

हरिद्वार- धर्मनगरी में जिला और महिला अस्पताल के बीच नया अस्पताल मदर एंड चाइल्ड हेल्थ जल्द खुलने वाला है। जिससे जनपद के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इसके लिए सप्ताह भर पहले प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने निर्माणदायी संस्था और अधिकारियों के साथ समीक्षा भी की है। अस्पताल तैयार होने के बाद जिला, महिला और मदर एंड चाइल्ड हेल्थ अस्पताल को एक किया जाएगा। हरिद्वार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह अस्पताल तैयार किया गया है। नए अस्पताल में बच्चों को सबसे अधिक सुविधाएं मिलेंगी। 200 बेड के मदर एंड चाइल्ड हेल्थ अस्पताल 38 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। निर्माणदायी संस्था की ओर से मार्च माह तक अस्पताल के कार्य को पूर्ण करने का समय दिया था, लेकिन बारिश होने के चलते निर्माण कार्य में देरी हुई हैं। दरअसल महिला अस्पताल में उपचार के लिए महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल की ओर रूख करना पड़ता है। स्वास्थ्य विभाग तीनों अस्पताल को एक ही अस्पताल में मर्ज कर देगा। जिसके चलते मरीजों को उपचार के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। तीनों अस्पतालों को मिलाकर यह अस्पताल 270 बेड का बन जाएगा। सभी बिल्डिंगों में जाने के लिए रास्ता अंदर से ही तैयार किया जाएगा। नए एमसीएच में नवजात शिशु देखभाल इकाई परिसर में रिकार्ड रूम बनाया जाएगा। फीडिंग रूम में आरो, ओवन, बाॅयलर, हीटर लगेगा। बाॅयो मेडिकल वेस्ट निस्तारण के लिए स्थान भी बनाया जाएगा। नए अस्पताल में 60 प्रतिशत वेस्टर्न और इंडियन टाॅयलेट शीट लगेंगी। स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने बताया कि एमसीएच जल्द तैयार हो जाएगा। इसके लिए सप्ताह भर पहले निर्माणदायी संस्था और अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई है। सीएमओ हरिद्वार डाॅ. मनीष दत्त ने बताया कि एमसीएच का निरीक्षण किया गया है। एमसीएच तैयार होने के बाद तीनों अस्पतालों को एक ही में मर्ज कर दिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›