डीडीहाट। दिनांक 04 अगस्त 2026 को ग्राम पंचायत हाट थर्प द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम, 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से “क्यों न QR Code स्कैन करें” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत घर-घर एवं सार्वजनिक स्थलों पर पम्पलेट वितरित कर ग्रामीणों को स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत “SWM नियम, 2026 की सम्पूर्ण जानकारी के लिए QR Code स्कैन करें” पहल भी संचालित की गई। ग्रामीणों के मोबाइल फोन में QR Code स्कैन कराकर उन्हें SWM नियम, 2026 से संबंधित आवश्यक नियमों, दिशा-निर्देशों एवं जानकारी से अवगत कराया गया। इससे ग्रामीणों को स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी जानकारी अपने मोबाइल पर उपलब्ध रहने की सुविधा मिली, जिसे वे आवश्यकता पड़ने पर कभी भी देख और समझ सकते हैं।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को गीले, सूखे, सैनिटरी एवं घरेलू खतरनाक कचरे के पृथक्करण, चार रंगों के कूड़ेदानों के सही उपयोग, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने तथा SWM नियम, 2026 का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
जनजागरूकता अभियान में ग्राम प्रधान श्री मनोज भंडारी, उपप्रधान श्री देवराज सिंह, सभी वार्ड सदस्य एवं जागरूक ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी ने घर-घर एवं सार्वजनिक स्थानों पर जाकर ग्रामीणों को SWM नियम, 2026 की जानकारी दी तथा प्रत्येक परिवार से कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण कर निर्धारित कूड़ेदानों का उपयोग करने, QR Code स्कैन कर नियमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने और स्वच्छ, सुंदर एवं कूड़ा-मुक्त ग्राम के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।

ग्राम पंचायत हाट थर्प ने समस्त ग्रामवासियों से अपील की कि स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा “4 कूड़ेदान – 1 समाधान” की अवधारणा को अपनाकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं कूड़ा-मुक्त ग्राम के निर्माण में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
“स्वच्छ हाट थर्प – स्वस्थ हाट थर्प, कूड़ा-मुक्त हाट थर्प की ओर एक और कदम।”
