Report by : CWN Desk
Published at :
शादी मामले में भाई-बहन पर दर्ज हुआ मुकदमा, कर्मचारी निलंबित

यूपी में सामूहिक विवाह योजना में फर्जीवाड़ा कर शादी दर्शाने का मामला
लखनऊ। विकास खंड लक्ष्मीपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में फर्जीवाड़ा कर भाई-बहन द्वारा वैवाहिक कार्यक्रम पूर्ण कर अनुदान प्राप्त करने के मामले में कड़ी कार्यवाही करते हुए दोनो भाई-बहन के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि बीडीओ लक्ष्मीपुर द्वारा प्राप्त आख्या से प्रथम दृष्टया विकास खंड लक्ष्मीपुर के ग्राम पंचायत कजरी निवासी प्रीति यादव पुत्री जोखन द्वारा कूट दस्तावेज के आधार पर अपने सगे भाई कृष्णा के साथ छद्म विवाह किया गया, जबकि आरोपी की शादी पूर्व में ही रमेश नामक व्यक्ति से हो चुकी है। आरोपी द्वारा ऐसा अनुदान की लालच में किया गया।
मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल जांच करवाकर आरोपी वर-वधू के विरुद्ध प्रभारी एडीओ समाज कल्याण चंदन पाण्डेय द्वारा पुरन्दरपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाया गया है। इस प्रकरण में जांच अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी कजरी मिलिंद चौधरी को भी प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबित करते हुए आगे की विभागीय कार्यवाही की जा रही है। जबकि सत्यापन काउंटर पर आरोपी का सत्यापन करने वाले तकनीकी सहायक मनरेगा इंद्रेश भारती के विरुद्ध भी विभागीय कार्यवाही की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›