Report by : CWN Desk
Published at :
बीच बचाव में गए बुजुर्ग की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या की, दो आरोपी गिरफ्तार

विकास नगर में जमीनी विवाद, अन्य एक युवक को भी गोली मारकर किया घायल
देहरादून। जमीन के मामले में पिस्टल के दम पर महिला को धमका रहे बेखौफ बदमाशों ने बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी। देहरादून जिले के एक गांव में हुई इस वारदात में एक युवक भी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने देर रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के बाड़वाला डुमेट गांव में तीन बदमाश शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हरियाणा नंबर की कार से पहुंचे। दोनों गांव की महिला छुमा देवी पत्नी रूप सिंह के घर गए और जमीन के मामले में महिला को पिस्टल दिखाकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया। यही नहीं बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले बुजुर्ग बगेल सिंह (65) पुत्र जोतराम मौके पर पहुंचे और महिला की ओर से बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने बगेल सिंह के सीने में गोली मार दी, जिससे बगेल सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस बीच पड़ोसी धर्म सिंह का बेटा अतुल भी बीच-बचाव करने पहुंचा और बदमाशों से पिस्टल छीनने की कोशिश की। बदमाशों ने अतुल को भी गोली मार दी। गोली कंधे पर लगी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर एसएसपी अजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिस हरियाणा नंबर की कार से तीनों बदमाश आए थे, वे उसे मौके पर ही छोड़ गए और घटनास्थल के पास से गुजर रहे युवक अनिल कुमार की कनपटी पर पिस्टल सटाकर बदमाशों ने उसका स्कूटर लूट लिया। आरोपी स्कूटर पर सवार होकर फरार हो गए।
देर रात मृतक के बेटे निर्मल की तहरीर पर पुलिस ने साजिशकर्ता रोहित और कार सवार तीन बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। राहगीर अनिल की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्कूटर बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो बदमाशों को देहरादून रिंग रोड से गिरफ्तार किया है। एक फरार है। बताया गया है कि जमीनी विवाद में एक पक्ष ने दो बदमाशों को सुपारी देकर धमकाने के लिए भेजा था, जिन्होंने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›