CWN Desk

बरेली। एयरफोर्स स्टेशन बरेली में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात बागेश्वर के जवान ने रविवार को एके-47 गन से सीने में गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
बागेश्वर के कांडा तहसील के गणेशपुर गांव निवासी जगदीश राम (56) एयरफोर्स स्टेशन त्रिशूल में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे और परिसर में बने आवास में ही रहते थे। रविवार को एयरफोर्स परिसर में दाहिनी ओर स्थित पोस्ट पर उनकी ड्यूटी थी। इसी दौरान रविवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने अपनी एके-47 गन से सीने में दाहिनी ओर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर वहां हड़कंप मच गया और सभी उसी ओर दौड़ पड़े। मौके पर जगदीश राम खून से लथपथ पड़े थे और पास ही एके-47 गन पड़ी थी। गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इज्जतनगर के इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवारवालों को सौंपदिया है।