Report by : कालू वर्मा
Published at :
मनसा देवी मंदिर में भगदड़ से मची तबाही, 6 की मौत, करंट की अफवाह से फैली अफरा-तफरी

हरिद्वार। उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हरिद्वार में स्थित मनसा देवी मंदिर में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक मची भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सातवीं मौत की भी सूचना मिल रही है। मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे में कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही वे मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। बताया गया कि रविवार की वजह से मंदिर में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। मंदिर परिसर और सीढ़ी मार्ग पर श्रद्धालुओं का रेला लगा हुआ था। घटना मंदिर से करीब 100 मीटर पहले सीढ़ी मार्ग पर हुई।

स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, भगदड़ का कारण करंट फैलने की अफवाह हो सकती है। बताया जा रहा है कि पैदल मार्ग पर बिजली का एक तार टूट कर गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। फिलहाल मंदिर परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया है और हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। जिला प्रशासन और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतकों के परिजनों को प्रशासन द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›