Report by : CWN Desk
Published at :
पुलकित आर्य की 2.82 करोड़ की संपत्ति होगी जब्त

अंकिता हत्याकांड का मुख्य आरोपी है पुलकित, डीएम को भेजी रिपोर्ट
पौड़ी। अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य की 2 करोड़ 82 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त होगी। जब्त की जाने वाली संपत्ति हरिद्वार और पौड़ी जिले में है। इसमें वनंतरा रिजार्ट भी शामिल है। पौड़ी की एसएसपी श्वेता चौबे ने संपत्ति को जब्त करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेज दी है।
पुलकित के खिलाफ थाना लक्ष्मणझूला में गैंगस्टर सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हैं। तत्कालीन एसएचओ लैंसडौन मणिभूषण श्रीवास्तव की जांच में पाया कि पुलकित ने अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर दोनों जिलों में दो करोड़ 82 लाख 83 हजार 615 रुपये की संपत्ति अवैध रूप से जुटाई है।
एसएसपी ने बताया कि पुलकित ने हरिद्वार के विशनपुर झरड़ा अहतमाल में 32 लाख, सजनपुर पीली में 47,94,615 ज्ञानलोक कालोनी शेखपुरा कनखल में 61,98,400 कीमत की भूमि अवैध रूप से हासिल की। आरोपी ने 40 लाख की ऑडी और 14 लाख की टाटा सफारी कार भी अवैध धन से खरीदी। इसे जब्त करने के लिए रिपोर्ट डीएम हरिद्वार को भेज दी गई है। पौड़ी जिले के गंगा भोगपुर में वन भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए एक करोड़ 6 लाख 88 हजार कीमत के वनंतरा रिजॉर्ट को जब्त करने की रिपोर्ट पौड़ी के डीएम को भेज दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›