Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून से अयोध्या वाली उड़ान 20 मार्च तक फुल, 22 मार्च से महंगा हो जाएगा सफर

अभी 1999 रुपये किराया, 22 के बाद देने होंगे देहरादून से अयोध्या का सफर के 6,966 रुपये
देहरादून।
एलायंस एयर की अयोध्या वाली उड़ान का ऑफर किराया मात्र 1999 रुपये होने के कारण यह फ्लाइट 20 मार्च तक फुल है। जबकि 22 मार्च से देहरादून से अयोध्या का सफर करने के लिए हवाई यात्रियों को 6,966 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। अमृतसर और वाराणसी फ्लाइट के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।
छह मार्च को देहरादून एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-अयोध्या, देहरादून-अमृतसर और देहरादून-पंतनगर-वाराणसी के लिए फ्लाइट का शुभारंभ किया था। इन सभी हवाई रूटों पर एलायंस एयर के 72 सीटर विमान से फ्लाइट शुरू की गई थी। लेकिन वर्तमान में सिर्फ देहरादून-अयोध्या फ्लाइट ही सप्ताह में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ान भर रही है। अमृतसर और वाराणसी वाली फ्लाइट ने सिर्फ छह मार्च को शुभारंभ के दिन ही निर्धारित हवाई रूटों पर उड़ान भरी थी।
देहरादून-अयोध्या के बीच सरकार ने 20 मार्च तक ऑफर किराया 1999 रुपये रखा था। देहरादून-अयोध्या के लिए पहली बार फ्लाइट शुरू होने पर चार और पांच मार्च को ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग की गई थी। जिस कारण दो दिनों में ही बीस मार्च तक के सभी टिकटों की बिक्री हो गई। 22 मार्च से अयोध्या जाने के लिए एक पैसेंजर को एक तरफ का 6,966 रुपये किराया देना पड़ेगा।
एलायंस एयर की देहरादून-अमृतसर फ्लाइट हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने से दो दिन पहले 23 मई को शुरू की जाएगी। जबकि वाराणसी वाली फ्लाइट को 23 मार्च से कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ और पंतनगर से कनेक्ट किया जाएगा। यह फ्लाइट दिल्ली से पिथौरागढ-पंतनगर-वाराणसी के बीच उड़ान भरेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›