Report by : कालू वर्मा
Published at :
महिला पुलिस कर्मी से उलझा कांग्रेसी नेता का भाई, पहुंचा हवालात

भाई की पैरवी के लिए समर्थकों संग थाने पहुंचे नेता जी, पुलिस ने भगाया

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में शराब के नशे में धुत पूर्व पार्षद के भाई ने महिला हेल्पलाइन की प्रभारी के साथ सड़क पर अभद्रता कर दी। महिला पुलिस कर्मी परिवार के साथ जा रही थी। पुलिस ने अभद्रता करने पर आरोपी को दबोच लिया। मेडिकल करने के बाद हवालात में ठूंस दिया। कांग्रेसी नेता अपने समर्थकों संग पैरवी के लिए थाने पहुंचा, पुलिस ने भगा दिया।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार की देर रात महिला हेल्प लाइन प्रभारी अनीता शर्मा अपनी कार में सवार होकर कोतवाली की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह मोहल्ला कस्साबान से होते हुए आगे बढ़ने लगी इसी दौरान शराब पीकर सड़क उत्पात मचा रहा एक युवक उनकी कार के आगे आ गया। महिला हेल्प प्रभारी ने जब उसे हटने के लिए कहा तो वह उलझने लग गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ हो गई। हेल्प लाइन प्रभारी की शिकायत पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मी जब उसे हटाने लगे तब वह उनसे भी उलझने लग गया, जिसके बाद पुलिसकर्मी मशक्कत के बाद युवक को कोतवाली ले आए। युवक के समर्थन में कांग्रेसी कोतवाली पहुंचने लग गए। उन्होंने युवक को माफीनामे के बाद छोड़ देने की बात कही लेकिन पुलिस ने एक न सुनी। पुलिस ने तुरंत ही युवक का मेडिकल परीक्षण कराया। जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। कोतवाली प्रभारी के आरके सकलानी ने बताया कि सरफराज निवासी मोहल्ला कस्साबान का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›