Connect with us

उत्तर प्रदेश

कारोबार के लिए रुपये न देने पर छोटे भाई ने सोते हुए बड़े भाई की मीट काटने वाले हथियार से की हत्या

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के गांव नानू में शनिवार रात कारोबार के लिए रुपये न देने पर छोटे भाई ने सोते हुए बड़े भाई पर मीट काटने वाले हथियार (बुगदे) से हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर बुगदा लगने से युवक खून से लथपथ हो गया। आनन फानन में परिजन युवक को सुभारती अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव नानू निवासी आदिल (27) पुत्र मोहम्मद रशीद काफी समय से अपनी ससुराल सूजडू मुजफ्फरनगर में रह रहा था। वह शुक्रवार को अपने गांव आया हुआ था। यहां गुलफाम ने आदिल से कारोबार के लिए रुपये मांगे। आदिल ने पहले भी गुलफाम को रुपये दिए थे। इस बार उसने मना कर दिया। इससे गुलफाम आगबबूला हो गया था। दोनों के बीच खूब कहासुनी हुई। रात को आदिल घर के आंगन में जाकर सो गया। रात करीब एक बजे छोटा भाई गुलफाम आया और उसने सोते हुए भाई आदिल पर धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया। सारा बिस्तर खून से लथपथ हो गया। चीख पुकार होने परिवार में जाग हो गई। आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में आदिल को परिजनों ने सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान आदिल की मौत हो गई। आदिल के शरीर पर अन्य जगह भी चोटों के निशान हैं। 
हत्या की जानकारी लगने पर आदिल के ससुराल वाले भी मौके पर पहुंच गए। इस पूरे प्रकरण की जानकारी पुलिस को नहीं लगी। अस्पताल में युवक की मौत होने पर थाना पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि परिजन अस्पताल से शव घर ले जाने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। छोटे भाई द्वारा बड़े भाई की निर्मम हत्या की जानकारी से गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने बताया कि आदिल की दो साल पहले गांव सूजडू में गजाला से शादी हुई थी। उसका एक साल का बेटा आबान है। युवक की हत्या के बाद परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल था।
रात करीब एक बजे घटना को अंजाम दिया गया। शनिवार शाम पांच बजे तक भी थाना पुलिस गांव नहीं पहुंची थी। जबकि हल्का दरोगा और बीट सिपाही को भी घटना की जानकारी नहीं थी। ग्रामीणों का कहना है कि थाना पुलिस और अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी कोई मौके पर नहीं पहुंचा। जबकि आला ए कत्ल और घटना से जुड़े साक्ष्य मौके पर पड़े रहे। पुलिस ने गुलफाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement