Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी के लिए दो महिला वेटरिनरी कर्मियों को कार में लिफ्ट दी, संजय वन में महिलाओं के जेवर, मोबाइल व नकदी उड़ा ली

पंतनगर। क्षेत्र में सम्मोहित कर दो महिला वेटरिनरी कर्मियों से जेवर, मोबाइल व नकदी ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित महिला वेटरिनरी कर्मियों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विकास भवन स्थित मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात मुख्य प्रशासनिक अधिकारी तारा सनवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 14 जून की शाम पांच बजे वह सहयोगी गीता रौतेला के साथ हल्द्वानी जाने के लिए मेट्रोपोलिस गेट के निकट वाहन के इंतजार में खड़ी थीं। इस दौरान उनके पास में एक और व्यक्ति भी खड़ा था। इसी बीच रुद्रपुर बाजार की ओर से आ रही एक सफेद कार से उस व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी। साथ ही उनको भी सीट खाली है कहकर हल्द्वानी तक बैठने को कहा। कार चालक ने स्वयं को पुलिस में कार्यरत बताया। तो उन्होंने विश्वास कर लिया और उस कार में बैठ गईं। इसके बाद उस कार चालक ने संजय वन के पास उन्हें और उनकी सहयोगी गीता को सम्मोहित कर लिया। उसने उनके व गीता के कान के कुंडल, चेन, मोबाइल व नकदी लेकर उनको संजय वन के पास वाहन से उतार दिया और उस व्यक्ति के साथ हल्द्वानी की ओर भाग गया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›