Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में आज भी लागू रहेगा वीकेंड प्लान, वाहनों के लिए रूट डायवर्जन

दबाव बढ़ने पर शटल सेवा का इस्तेमाल, भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद
हल्द्वानी। मैदानी इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में हर कोई पहाड़ की सैर करना चाहता है। वीकेंड के दौरान भीड़ काफी बढ़ जाती है, जिससे पुलिस के सामने यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने की चुनौती खड़ी हो जाती है।
शनिवार और रविवार को पर्यटकों की संख्या बढ़ने की वजह से पुलिस ने इस बार भी दो दिन के लिए ट्रैफिक प्लान में बदलाव किया है। हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल, भवाली, कैंची धाम और अल्मोड़ा जाने वाले लोगों को प्लान के हिसाब से सफर करना होगा।
शनिवार व रविवार को हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल, भवाली, कैंची धाम और अल्मोड़ा जाने वाले मार्गों पर सुबह दस से रात दस बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। ट्रैफिक के हिसाब से समय बढ़ भी सकता है।
• बरेली रोड से पहाड़ जाने वाली गाड़ियां तीनपानी तिराहे से गौला बाईपास की तरफ डायवर्ट होंगी और यहां से नारीमन तिराहे होकर वाहन आगे निकलेंगी।
• रामपुर रोड से आने वाली गाड़ियां पंचायत घर तिराहे से आरटीओ रोड व हनुमान मंदिर होकर निकलेंगी और कालाढूंगी होकर नैनीताल जाएंगी।
• रामपुर रोड से भीमताल व भवाली की तरफ जाने के लिए शीतल होटल तिराहे से तीनपानी पहुंचना होगा। यहां से गौला बाईपास होकर गाड़ियां आगे बढ़ेंगी।
• कालाढूंगी रोड से नैनीताल, भीमताल, भवाली की तरफ जाने के लिए ऊंचापुल, लालडांठ तिराहे से हाइडिल गेट व कालटैक्स होकर वाहन आगे जाएंगे।
पहाड़ की इन अलग-अलग जगहों के मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर कालाढूंगी रोड, रामपुर रोड व बरेली रोड से आने वाली गाड़ियों को गौलापार स्थित स्टेडियम में खड़ा कराया जाएगा। यहां से शटल सेवा से पर्यटक नैनीताल भेजे जाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›