Report by : Paras Bisht
Published at :
बस में सवार होकर यात्रियों की काटते थे जेब, पकड़े गए तो पुलिस के उड़े होश

जेब काटने के लिए मेरठ से हल्द्वानी तक करते थे सवारी, कई यात्रियों को बना चुके हैं अपना शिकार
हल्द्वानी।
जेब काट रहे मेरठ के चार अंतरराज्यीय जेबकतरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को भी इन चारों ने एक व्यक्ति की जेब काटकर आठ हजार रुपये चोरी कर लिए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी के माध्यम से उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए सीओ सिटी नितिन लोहनी ने बताया कि 12 मई को आदर्श नगर तल्ली बमौरी निवासी मुकेश कुमार सक्सेना ने कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि वह रविवार को मुरादाबाद से हल्द्वानी बस में आए थे। कालूसिद्ध मंदिर के पास बस से उतरते समय उनकी जेब कट गई।
मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने जेबकतरों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाले। रविवार को चार जेबकतरों को एफटीआई बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने चोरी किया गया पर्स, आठ हजार रुपये, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया। आरोपियों में अटौडा मवाना मेरठ निवासी अरशद पुत्र जमील अहमद, साउथ खालापार मदीना मस्जिद दरोगा कोठी मुजफ्फरनगर निवासी फैजल अहमद पुत्र मुन्ना, कल्याण सिंह अटौडा मवाना मेरठ निवासी अरशद पुत्र बाबू व मुमताज नगर गुलिस्तां गार्डन गली नंबर पांच लीसाड़ी गेट मेरठ निवासी शकील पुत्र रईस अहमद है।
सीओ सिटी लोहनी ने कहा कि ये लंबे समय से लोगों की जेबें काट कर रहे थे। ये लोग मेरठ से रुद्रपुर और रुद्रपुर से हल्द्वानी का सफर बस में करते थे। बस में ये जेब काटते थे। पुलिस टीम में मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी दिनेश जोशी, एसआई विजय पाल, कांस्टेबल भूपाल सिंह व संतोष बिष्ट थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›