Report by : CWN Desk
Published at :
मसूरी में दिल्ली के पर्यटक की कार खाई में गिरी, महिला की मौत, पति और दो बेटे घायल

मसूरी। मसूरी के हाथीपांव मार्ग पर क्लाउड एंड के समीप दिल्ली के पर्यटकों की ईको स्पोर्ट्स कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरकर पेड़ से अटक गई। जिसमें सवार लोगों को उप जिला चिकित्सालय लंढौर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
कार में महिला के अलावा उनके पति और दो बच्चे भी थे। पति और बच्चों का उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, कार सड़क से करीब 25 मीटर दूर खाई की तरफ एक पेड़ से अटक गई थी, जिस कारण अन्य लोगों की जान बच गई। मसूरी कोतवाली पुलिस को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से सोमवार दोपहर में सूचना मिली कि हाथीपांव जाने वाले मार्ग पर क्लाउड एंड के पास एक कार खाई में गिर गई है। इस पर मसूरी कोतवाली पुलिस व फायर सर्विस के जवान वहां पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।
कार सड़क से करीब 20-25 मीटर नीचे पेड़ पर अटकी थी। रेस्क्यू टीम ने रस्सों व अन्य उपकरणों की सहायता से कार में फंसे महिला, पुरुष तथा दोनों बच्चों को निकालकर उपजिला चिकित्सालय लंढौर पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। उनकी पहचान रुचि जुनेजा (40 वर्ष) निवासी ब्लाक एन 44, विकासपुरी, दिल्ली के रूप में हुई।
जब उनके पति मनोज जुनेजा (44 वर्ष), बच्चे मृदुल (16 वर्ष), व ईशान (12 वर्ष) घायल हैं। पुलिस के अनुसार, दिल्ली का यह परिवार मसूरी घूमने आया था। सोमवार को दोपहर में सभी अपनी कार से हाथीपांव मार्ग पर घूमने निकले थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›