Connect with us

उत्तर प्रदेश

यूपी के शिक्षकों की बल्ले-बल्ले: योगी सरकार देगी कैशलेस इलाज की सुविधा, 12 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सीएम योगी ने 11.92 लाख शिक्षकों और अनुदेशकों को दी कैशलेस इलाज की सौगात। बरेली-मुरादाबाद में बनेंगे विज्ञान पार्क। पढ़ें कैबिनेट के सभी बड़े फैसले।

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के लाखों शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए खुशियों का पिटारा खुल गया है। सरकार ने राज्य के शिक्षकों को भी अब राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर कैशलेस इलाज की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से करीब 11.92 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को सीधा लाभ मिलेगा।
यह योजना आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के माध्यम से लागू की जाएगी। इस पर सरकार करीब 358.61 करोड़ रुपये खर्च करेगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग के लगभग 3 लाख कर्मचारियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने पिछले साल शिक्षक दिवस पर इसकी घोषणा की थी, जिसे अब अमलीजामा पहना दिया गया है। हालांकि, जो कर्मचारी पहले से आयुष्मान योजना का लाभ ले रहे हैं, उन्हें इसमें शामिल नहीं किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक में कुल 32 में से 30 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए ‘शहरी पुनर्विकास नीति 2026’ को भी स्वीकृति दी गई है। इसके तहत अब मकानों का नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया जाएगा और विकास शुल्क के संशोधित दाम लागू होंगे। शिक्षा और विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए बरेली और मुरादाबाद में नए विज्ञान पार्क व नक्षत्रशाला की स्थापना की जाएगी।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए भी सरकार ने दरियादिली दिखाई है। बहराइच के परतापुर और अन्य गांवों के आपदा पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित किया जाएगा। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 136 परिवारों को सरकारी आवास, जमीन का पट्टा और खेती के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। सीएम योगी ने खुद हवाई सर्वेक्षण कर इन पीड़ितों की मदद का निर्देश दिया था।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement