Report by : कालू वर्मा
Published at :
रुड़की में आमने-सामने टकराई कार, मारपीट के बाद दूसरे की कार लेकर युवक फरार

अलग-अलग समुदाय के हैं दोनों युवक, तनाव की स्थिति, कार लेकर फरार युवक की पुलिस कर रही तलाश

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार की रात हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने टकरा गई। दोनों कार सवार युवकों में जमकर मारपीट हुई, जिससे हाईवे पर हंगामा हो गया। इस दौरान एक युवक अपनी कार मौके पर ही छोड़कर दूसरे युवक की कार लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रुड़की टॉकीज के पास देर रात हाईवे पर दो कारों की भिड़ंत हो गई। जिसके बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। हंगामा होता देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हाईवे पर जाम लग गया।
दोनों युवक काफी देर तक आपस में मारपीट करते रहे। इस बीच किसी ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक युवक अपनी कार मौके पर ही छोड़कर दूसरे युवक की कार लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इससे पहले पुलिस के सामने भी युवक जमकर हंगामा करते रहे और अपनी कार बरामदगी की मांग की। पुलिस ने किसी तरह युवकों को समझाकर शांत किया। साथ ही हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया। वहीं, दोनों युवक अलग-अलग समुदाय के बताए जा रहे हैं जिसे लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि कार लेकर फरार हुए युवक की तलाश की जा रही है। साथ ही उसकी कार को कोतवाली में खड़ा करवा दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›