Connect with us

हरिद्वार

रुड़की में चाइनीज मांझे से बाइक सवार युवक की गर्दन कटी, उपचार के दौरान मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुड़की-लक्सर मार्ग पर दर्दनाक हादसा हुआ। नगला इमरती के पास चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 26 वर्षीय दीपक की गर्दन कट गई। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत।

हरिद्वार। रुड़की-लक्सर मार्ग पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की वजह से एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। नगला इमरती गांव के पास बाइक से अपने घर लौट रहे 26 वर्षीय युवक दीपक की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बुरी तरह कट गई। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
मृतक दीपक पुत्र मुन्ना, निवासी शिकारपुर (लंढौरा), मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था। सोमवार शाम वह अपनी बाइक से रुड़की से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में नगला इमरती के पास अचानक पतंग का चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में आकर उलझ गया और चलती बाइक पर गहरा कट लग गया।
मांझा गर्दन में फंसते ही दीपक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा और अत्यधिक खून बहने से अचेत हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पूर्व प्रधान सतीश चौधरी की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।
प्रतिबंधित होने के बावजूद खुलेआम बिक रहा चाइनीज मांझा मासूम लोगों की जान के लिए काल बन चुका है। दीपक की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव शिकारपुर में मातम का माहौल है। परिजनों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस-प्रशासन से चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रशासन द्वारा लगातार पाबंदी के दावों के बीच यह हादसा पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार और उपयोग पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में और भी मासूम जिंदगियां इसकी बलि चढ़ सकती हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement