Report by : CWN Desk
Published at :
प्रदेश में 14 लाख राशन कार्डधारकों को प्रतिमाह 8 रुपये किलो मिलेगा आयोडाइज्ड नमक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में नमक पोषण योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत अंत्योदय और प्राथमिक परिवार योजना के करीब 14 लाख राशन कार्डधारकों को प्रतिमाह आयोडाइज्ड नमक उपलब्ध कराया जाएगा। आयोडाइज्ड नमक आठ रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा।
शनिवार को मुख्यमंत्री धामी ने नींबूवाला में हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नमक पोषण योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के हर गरीब और समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति का जीवन बेहतर और सार्थक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत संपूर्ण देश में निश्शुल्क राशन वितरण किया जा रहा है। यह योजना लगातार अगले पांच सालों तक चलती रहेगी। योजना के अंतर्गत उत्तराखंड के 14 लाख गरीब परिवारों को हर माह मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार जनता को शुद्ध और बेहतर पोषणयुक्त राशन देने के लिए संकल्पबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी प्रणाली को स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा फोर्टिफाइड चावल को प्लास्टिक का चावल बताकर आमजन को भ्रमित किया जा रहा था। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अनेक गरीब कल्याण की योजनाएं चलाई गई हैं। आयुष्मान भारत योजना से पांच लाख तक का इलाज मुफ्त में दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत हर घर में शौचालय बनाए गए हैं।
आवास योजना से पक्के घर और हर घर को नल और जल से आच्छादित किया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। जिसके फलस्वरूप बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उत्तराखंड में भी पिछले पांच वर्षों में नौ लाख से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं। हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाई गई हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›