Report by : Paras Bisht
Published at :
अनिल बलूनी को हल्द्वानी विधानसभा की जिम्मेदारी, हारी 23 सीटों को जिताने के लिए भाजपा ने इनको सौंपा जिम्मा

भाजपा ने लोकसभा चुनाव तैयारियां शुरू की, हारी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के सांसद करेंगे रात्रि प्रवास
हल्द्वानी। भाजपा ने लोकसभा चुनाव तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी सांसदों को राज्य में उन 23 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी है, जिन पर उसे हार का सामना करना पड़ा था। इन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के सांसद रात्रि प्रवास व टिफिन बैठकों समेत अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे जनता की समस्याएं सुनने के साथ ही इनका मौके पर निस्तारण करने या फिर सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हवाले से उक्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने 75 प्रतिशत मतों की प्राप्ति के साथ कांग्रेस मुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य के सभी सांसदों (पांच लोकसभा सदस्य और तीन राज्यसभा सदस्य) की चुनावी दृष्टि से कमजोर विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी तय की है।
चाैहान ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को हरिद्वार ग्रामीण, ज्वालापुर व खानपुर विधानसभा क्षेत्र, केंद्रीय राज्यमंत्री व नैनीताल से सांसद अजय भट्ट को खटीमा, नानकमत्ता व किच्छा, पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत को बदरीनाथ व द्वाराहाट, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह को यमुनोत्री, अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा को लोहाघाट, धारचूला, पिथौरागढ़ व अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। राज्यसभा सदस्यों में नरेश बंसल को मंगलौर, भगवानपुर, पिरान कलियर व बाजपुर, अनिल बलूनी को प्रतापनगर, चकराता व हल्द्वानी और कल्पना सैनी को लक्सर, झबरेड़ा व जसपुर विधानसभा क्षेत्रों का जिम्मा दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›