Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में भाजपा नेता ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की

आत्महत्या से पहले भाजपा नेता ने दो फायर हवा में किए, आत्महत्या की ठोस वजह सामने नहीं आई
हरिद्वार। नए साल की पूर्व संध्या पर ज्वालापुर क्षेत्र में भाजपा नेता विज्यंत चौधरी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अब तक आत्महत्या की ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है। आत्महत्या से पहले भाजपा नेता ने दो फायर हवा में किए थे। घटनास्थल से पुलिस को खाली खोखे मिले है। घटना रविवार रात सवा दस बजे के आसपास हुई।
क्षेत्र के पूर्वी नाथ नगर निवासी विज्यंत चौधरी (38) भाजपा मध्य हरिद्वार मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष थे। वर्तमान में उनके पास मोदी एप के जिला संयोजक का पद था। बीएचईएल में वह संविदा पर काम करते थे। रविवार शाम को घर पहुचंने पर उन्होंने अपनी लाईसेंसी रिवाल्वर निकालकर दो फायर हवा में किए। पत्नी ने हाथ से रिवाल्वर छीननी चाही, लेकिन कामयाब नहीं हो सकी। पत्नी ने मोबाइल फोन पर नजदीक में रहने वाले अपने रिश्तेदार को घर बुलाया। जैसे ही रिश्तेदार घर पहुंचा तभी भाजपा नेता ने माथे से रिवाल्वर सटाकर खुद को गोली मार दी। लहुलुहानवस्था में उसे सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, सीओ निहारिका सेमवाल, कोतवाली प्रभारी विजय सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस को घटनास्थल से तीन और पूरे कमरे से 14 खोखे मिले। लाइसेंसी रिवाल्वर पुलिस के कब्जे में है। एसपी सिटी ने बताया कि पत्नी फिलहाल बातचीत की स्थिति में नहीं है। जल्द इस संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›