Report by : CWN Desk
Published at :
गंगोत्री हाईवे जगह-जगह तालाब में तब्दील, गदेरे के उफान पर आने से कई वाहन मलबे में दबे

उत्तरकाशी। शहर में करीब तीन से चार घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसके चलते गंगोत्री हाईवे जगह-जगह तालाब में तब्दील हो गया है। वहीं, ज्ञानसू क्षेत्र में पाडुली गाड़ सहित ज्ञानसू और मैणा गाड़ उफान पर आ गए हैं। गोफियारा में गदेरे के उफान पर आने से कई वाहन मलबे में दब गए। इससे खतरे की आशंका को लेकर इनके आस-पास बसे लोग चिंतित हैं। 
मंगलवार शाम को मौसम के करवट बदलते ही जिला मुख्यालय में बारिश शुरू हो गई। इससे शहर की आंतरिक सड़के सहित गंगोत्री हाईवे पर जगह-जगह जलभराव हो गया। वहीं, ज्ञानसू क्षेत्र के तीन बड़े गाड़-गदेरे भी उफान पर आ गए। पाडुली गाड़ के उफान पर आने से गाड़ में जमा कूड़ा-कचरा गंगोत्री हाईवे पर फैल गया। वहीं, गाड़ में पानी बढ़ने से आसपास के लोग डरे हुए हैं।
क्षेत्र के अनिल सिंह ने बताया कि गाड़ में पानी की मात्रा बढ़ती जा रही है, जो कि अब हाईवे पर फैल रहा है। वहीं, ज्ञानसू गाड़ और मैणा गाड़ भी उफान पर आ गए हैं। हालांकि ज्ञानसू गाड़ में कुछ दिनों पूर्व प्रशासन की ओर से पानी के बहाव के लिए मलबा हटाया गया था। इससे पानी हाईवे पर नहीं आ रहा है। लेकिन खतरे की आशंका बनी हुई, जिसके चलते लोग पानी के बहाव पर नजर बनाए हुए हैंं। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›