कोटद्वार
कोटद्वार में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष का कारण, भतीजे के डंडे से हमले में ताई की मौत, ताऊ गंभीर
कोटद्वार। कोटद्वार के भाबर क्षेत्र स्थित सिगड्डी गांव में सोमवार देर रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपने ही ताऊ और ताई पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें ताई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ताऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि सगे भाई कृपाल सिंह मेहरा और कुंदन सिंह मेहरा के बीच लंबे समय से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात कृपाल सिंह ने विवादित जमीन पर शटरिंग का सामान मंगवा लिया और काम शुरू कराने लगे। इसकी सूचना किसी ने कुंदन सिंह के बेटे राहुल को दी। इससे गुस्साए राहुल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अपने ताऊ कृपाल सिंह से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान कृपाल की पत्नी 58 वर्षीय नंदी देवी जब बीच-बचाव करने आईं तो राहुल ने उन पर भी डंडे से कई वार किए। हमले में नंदी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को कोटद्वार बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नंदी देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि कृपाल सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
आश्चर्यजनक रूप से घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल ने खुद ही पुलिस को फोन कर जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि मृतका के पुत्र की तहरीर पर राहुल के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही घटनास्थल की गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में इस पारिवारिक विवाद को लेकर दुख और आक्रोश दोनों का माहौल है।
