हल्द्वानी
लालकुआं-काठगोदाम हाईवे पर डंपर ने स्कूटी सवार को रौंदा, युवक की मौके पर मौत, युवती घायल
लालकुआं-काठगोदाम NH-109 पर बेरीपड़ाव के पास डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार कार्तिक कांडपाल की दर्दनाक मौत, युवती गंभीर रूप से घायल। पढ़ें पूरी खबर।
लालकुआं: राष्ट्रीय राजमार्ग 109 एक बार फिर रक्त रंजित हो गया है। शनिवार सुबह बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुर्घटना में स्कूटी पर पीछे बैठी एक युवती भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिम्मतपुर चौमवाल निवासी 30 वर्षीय कार्तिक कांडपाल अपनी स्कूटी से हल्दूचौड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनके ही गांव की 25 वर्षीय नेहा कांडपाल ने उनसे लिफ्ट ली थी। नेहा अशोक लीलैंड कंपनी में कार्यरत है और ड्यूटी पर जा रही थी। जैसे ही वे मुख्य मार्ग पर पहुंचे, यह दुखद हादसा घटित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी सवार ने आगे चल रहे डंपर (UK 01-CA 3035) को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सीधे डंपर के नीचे जा घुसी। हादसे में कार्तिक का सिर डंपर के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नेहा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर रोष व्यक्त किया है।
