उत्तर प्रदेश
मुरादाबाद लालबाग मंदिर विवाद: महंतों का अखाड़े पर बड़ा आरोप, कब्जे और धन वसूली की कोशिश
लालबाग मंदिर के महंत सज्जन गिरी और राम गिरि ने जूना अखाड़े के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानें पद से हटाने की धमकी और धन वसूली के विवाद का पूरा सच।
मुरादाबाद: लालबाग स्थित प्रसिद्ध मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर चल रहा विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। मंदिर के महंत सज्जन गिरी और महंत राम गिरि ने आज एक संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर जूना अखाड़े के पदाधिकारियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महंतों का दावा है कि अखाड़े के कुछ पदाधिकारी गलत तरीके से मंदिर पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें पद से हटाने की धमकी दे रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान दोनों महंतों ने स्पष्ट किया कि मंदिर का संचालन सदियों से चली आ रही गुरु परंपरा और वंश उत्तराधिकारी के नियमों के अनुसार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में वे दोनों ही नियमानुसार मंदिर की सेवा के लिए अधिकृत हैं। महंत सज्जन गिरी ने बताया कि उनके बीच अब किसी भी प्रकार का कोई आपसी विवाद नहीं है और मंदिर की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।
महंतों ने आरोप लगाया कि जूना अखाड़े के कुछ स्वार्थी लोग बिना पूरी जानकारी के विवाद पैदा कर रहे हैं। उन्होंने प्रेस वार्ता में सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि अखाड़े के पदाधिकारियों द्वारा उनसे धन वसूली की मांग की जा रही है। मना करने पर उन्हें उनके पदों से हटाने और मंदिर की छवि खराब करने की धमकियां दी जा रही हैं। इस प्रचार के कारण मंदिर की गरिमा को ठेस पहुँच रही है।
महंतों ने दोटूक शब्दों में कहा कि वे किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने मामले में कानूनी कार्यवाही करने के संकेत दिए हैं और कहा है कि वे अपनी परंपरा की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। महंतों के इन आरोपों के बाद जूना अखाड़े के भीतर भी हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि अखाड़ा परिषद इन गंभीर आरोपों पर क्या सफाई पेश करती है।
