Connect with us

हरिद्वार

राजाजी टाइगर रिजर्व में मंत्री के बेटे की शादी: चार वन कर्मी नपे, रेंजर और दरोगा हटाए गए

Published

on

खबर शेयर करें 👉

राजाजी टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री खजानदास के बेटे की शादी की तैयारियों को लेकर बड़ी कार्रवाई। दो फॉरेस्टर निलंबित, रेंजर और दरोगा पद से हटाए गए।

हरिद्वार: उत्तराखंड के राजाजी टाइगर रिजर्व के भीतर सुरेश्वरी देवी मंदिर में कैबिनेट मंत्री खजानदास के बेटे की शादी का मामला अब तूल पकड़ चुका है। आरक्षित वन क्षेत्र में नियमों के उल्लंघन को लेकर वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए चार कार्मिकों पर गाज गिराई है। विभाग ने दो फॉरेस्ट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि प्रभारी रेंजर और वन दरोगा को उनके पदों से हटा दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीपुर क्षेत्र स्थित मंदिर में शादी की तैयारियों के लिए बिना अनुमति भारी वाहनों की आवाजाही हुई थी। रानीपुर गेट से होकर निर्माण सामग्री और अन्य सामान आरक्षित वन क्षेत्र के भीतर ले जाया गया। नियमानुसार, टाइगर रिजर्व के संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसी व्यावसायिक और शोर-शराबे वाली गतिविधियों की सख्त मनाही होती है। मामला उजागर होने के बाद विभाग ने आंतरिक जांच के आदेश दिए थे।
जांच रिपोर्ट में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की प्रथमदृष्टया लापरवाही सामने आई है। इसके आधार पर फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी और अभिषेक कैंथोला को निलंबित किया गया है। वहीं, प्रभारी रेंजर महेश सेमवाल और वन दरोगा अमृता को उनके पद से हटाते हुए मुख्यालय संबद्ध किया गया है। विभाग ने त्वरित कदम उठाते हुए हरिद्वार रेंज की कमान अब महिला रेंजर आभा को सौंप दी है।
राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक कोको रोशे ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरक्षित क्षेत्र के भीतर वन्यजीव नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरणविदों ने भी आरक्षित क्षेत्र में हाई-प्रोफाइल आयोजनों की अनुमति देने पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।

Select Language

Advertisement