हल्द्वानी
हल्द्वानी मोर्चरी में बड़ी लापरवाही: शवों की हुई अदला-बदली, घर पहुंचकर खुला राज
हल्द्वानी एसटीएच मोर्चरी में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां दो शवों की अदला-बदली हो गई, जिससे दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। जानें पूरा मामला।
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) की मोर्चरी में लापरवाही का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दो अलग-अलग परिवारों के शवों की आपस में अदला-बदली हो गई। इसमें एक परिवार अपने बुजुर्ग परिजन के शव की जगह बागेश्वर के एक युवक की लाश उठाकर अपने घर ले गया। इस बड़ी चूक का खुलासा तब हुआ जब घर पहुंचकर परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए कफन हटाया।
पूरा मामला दो अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े मृतकों का है। जानकारी के अनुसार, बागेश्वर निवासी 40 वर्षीय मनोज सिंह की मारपीट में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, हल्द्वानी के पनियाली निवासी 64 वर्षीय रमित चंद्र ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उनका निधन हो गया था। रविवार को मोर्चरी में दोनों ही शवों का पोस्टमार्टम बैक-टू-बैक किया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही मोर्चरी के कर्मचारी ने पोस्टमार्टम के बाद बागेश्वर के युवक का शव बाहर निकाला और आवाज लगाई, तो भूलवश हल्द्वानी वाला परिवार आगे आ गया। वे बिना देखे ही शव को लेकर अपने घर चले गए। इसके कुछ देर बाद जब बुजुर्ग का शव बाहर आया, तो वहां मौजूद बागेश्वर के परिजनों ने उसे देखकर पहचान करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मोर्चरी परिसर में हड़कंप मच गया।
इस संवेदनशील मामले पर अस्पताल प्रशासन तुरंत हरकत में आया। फॉरेंसिक विभागाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हल्द्वानी वाले परिवार ने जल्दबाजी में बिना चेहरा देखे ही शव उठा लिया था। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले में किस स्तर पर और किसकी लापरवाही हुई है, इसकी पूरी गहनता से जांच की जाएगी। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर काफी आक्रोश है।
