Connect with us

हरिद्वार

रुड़की में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 3 की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुड़की के गंगनहर पटरी मार्ग पर सोमवार रात दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

रुड़की। सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ गंगनहर पटरी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
यह हादसा कोतवाली रुड़की क्षेत्र के अंतर्गत रुड़की-कलियर मार्ग पर बाजूहेड़ी गांव के समीप गंगनहर पटरी पर रात करीब पौने ग्यारह बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकें बेहद तेज रफ्तार में थीं और अंधेरे में संतुलन खोने के कारण आपस में टकरा गईं। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और घायलों की मदद के लिए आगे आए।
सूचना मिलते ही रुड़की कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को तुरंत उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, दुर्घटना में मृत तीनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली रुड़की के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
गंगनहर पटरी मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय निवासियों ने इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और गति सीमा तय करने की मांग की है। पुलिस ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात के समय गंगनहर पटरी जैसे संवेदनशील मार्गों पर गति को नियंत्रित रखें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement