Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी के वार्ड 19 में सीवर खुदाई से जनता त्रस्त, पार्षद के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के रामपुर रोड विष्णुपुरी में पिछले 6 महीनों से सीवर के नाम पर खोदी गई सड़कें बदहाल हैं। क्षेत्रवासियों ने बीजेपी पार्षद और जल निगम के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

हल्द्वानी: शहर के वार्ड संख्या 19 रामपुर रोड स्थित विष्णुपुरी मंदिर की गलियों में सीवर लाइन डालने के नाम पर की गई खुदाई अब स्थानीय निवासियों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने जल निगम और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, विष्णुपुरी की गली नंबर 10 पिछले छह महीने से और गली नंबर 9 पिछले दो महीने से खुदी पड़ी है, लेकिन जल निगम ने अब तक सड़क का पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है।


समाजसेवी विशाल वर्मा ने क्षेत्र के बीजेपी पार्षद राजेंद्र कुमार अग्रवाल (मुन्ना) पर निशाना साधते हुए कहा कि स्थानीय निवासियों ने उन्हें इस गंभीर समस्या से कई बार अवगत कराया है। इसके बावजूद पार्षद पिछले छह महीनों से जनता को सिर्फ खोखला आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के पार्षद क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे स्थानीय जनता में भारी आक्रोश पनप रहा है।
पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने बताया कि गली नंबर 10 में सीवर लाइन डालने का काम काफी समय पहले पूरा हो चुका है, फिर भी सड़क को ऐसे ही छोड़ दिया गया है। उखड़ी और खुदी हुई सड़कों के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं। सड़कों से लगातार उड़ने वाली धूल-मिट्टी की वजह से क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों में सांस की बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जल निगम विकास के नाम पर क्षेत्र का विनाश कर रहा है।
विशाल वर्मा के अनुसार, पूरे शहर में सीवर डालने का काम चल रहा है, जिसके बाद नियमानुसार सड़कों का पुनर्निर्माण तुरंत होना चाहिए। लेकिन अधिकारियों और ठेकेदारों की आपसी मिलीभगत और सुस्ती के कारण सीवर का काम पूरा होने के आठ से दस महीने बाद तक भी सड़कें नहीं बनाई जा रही हैं। खोदी गई इन सड़कों के कारण स्थानीय लोगों के जान-माल पर हमेशा खतरा मंडराता रहता है।
अब इस बदहाली के खिलाफ स्थानीय समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने का मन बना लिया है। अंजलि वर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रामपुर रोड विष्णुपुरी मंदिर की सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे समस्त माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं के साथ मिलकर बीजेपी पार्षद राजेंद्र कुमार अग्रवाल और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उग्र आंदोलन और सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन करेंगी।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement