Connect with us

कोटद्वार

कोटद्वार के जंगल में पेड़ से लटके मिले पति-पत्नी के शव, इलाके में सनसनी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

कोटद्वार के चोरपानी-सनेह जंगल में पेड़ से लटके मिले पति-पत्नी के शव। बिजनौर और राजस्थान के रहने वाले थे मृतक। पुलिस जांच में जुटी, पढ़ें पूरी खबर।

कोटद्वार। क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ के चोरपानी-सनेह वन क्षेत्र में एक विवाहित जोड़े के शव पेड़ से लटके हुए मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान जनपद बिजनौर के ग्राम भूमिदान निवासी अमनदीप कौर और उनके पति सतविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, भूमिदान निवासी अमनदीप कौर की शादी कुछ समय पहले राजस्थान के अलवर निवासी सतविंदर सिंह के साथ हुई थी। अमनदीप पिछले कुछ दिनों से अपने मायके आई हुई थीं, जिनसे मिलने दो दिन पहले ही सतविंदर भी अपने ससुराल पहुंचे थे। गुरुवार की सुबह दोनों अपनी मोटरसाइकिल से कोटद्वार घूमने निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। शाम को चोरपानी-सनेह जंगल में उनकी मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया।
मोटरसाइकिल मिलने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के घने जंगलों में खोजबीन शुरू की। शुक्रवार को सड़क से लगभग 150 मीटर अंदर एक पेड़ से दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले। पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में शवों को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार भेज दिया। इस दर्दनाक घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों ने इतना आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement