Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में भीषण सड़क हादसा: टैंकर ने स्कूली छात्रों को रौंदा, 1 की मौत 2 गंभीर

लालकुआं के गंगारामपुर में विवाहिता का शव पंखे से लटका मिला, वहीं रामनगर के छोई निवासी युवक की हापुड़ हाईवे किनारे संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है।

नैनीताल। जिले के लालकुआं और रामनगर क्षेत्रों से दो अलग-अलग संदिग्ध मौतों की दुखद खबरें सामने आई हैं। लालकुआं के गंगारामपुर गांव में एक 25 वर्षीय शादीशुदा महिला का शव कमरे के पंखे के कुंडे से लटका हुआ बरामद हुआ। वहीं दूसरी ओर, रामनगर के छोई गांव निवासी एक युवक की हापुड़ में दिल्ली-मेरठ हाईवे किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इन दोनों हादसों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
लालकुआं क्षेत्र के मोटाहल्दू अंतर्गत जयपुर बीसा ग्रामसभा में रहने वाली 25 वर्षीय रूपा पलड़िया पत्नी विजय पलड़िया अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहती थी। घटना के वक्त उसके दोनों बच्चे स्कूल गए थे और पति काम पर बाहर था। सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी और पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल कुमार टीम के साथ पहुंचे। फोरेंसिक विशेषज्ञ त्रिवेणी जोशी ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
उधर, रामनगर के छोई गांव से दिल्ली लौट रहे 44 वर्षीय प्रेम गिरी का शव हापुड़ में हाईवे किनारे लहूलुहान अवस्था में मिला। परिजनों के अनुसार, प्रेम गिरी दिल्ली से टैक्सी लेकर गांव आए थे और बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर वापस लौट रहे थे। मंगलवार देर रात हापुड़ पुलिस ने ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी दी। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देखकर परिजनों ने टैक्सी चालक पर लूट और हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। लालकुआं में पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। दूसरी तरफ, हापुड़ में घटी घटना को लेकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच समन्वय के साथ जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इन घटनाओं से स्थानीय ग्रामीण हैरान और शोक में हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›