हरिद्वार
हरिद्वार जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से मिली धमकी, केस दर्ज
हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी भरी कॉल और मैसेज मिले। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
हरिद्वार। हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फोन न उठाने पर आरोपी ने व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर जेल प्रशासन को गंभीर परिणाम भुगतने की खुली चेतावनी दी है। वरिष्ठ अधीक्षक की तहरीर पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि 11 सितंबर को उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की। इसके बाद व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप पंजाब से जुड़ा हुआ बताया। इसके बाद 12 सितंबर को भी आरोपी लगातार कॉल करता रहा। फोन न उठाने पर उसने जेल प्रशासन को निशाना बनाने की धमकियां दीं।
पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी बार-बार जेल में बंद महिला कैदी ‘शीला’ का जिक्र कर रहा था। आरोपी का कहना था कि वह शीला से मिलने जेल आता है। शक होने पर जब कॉल रिकॉर्डिंग जेल में बंद शीला को सुनाई गई, तो उसने फोन करने वाले की पहचान अपने पति हिमांशु चड्ढा (निवासी ऋषिकेश) के रूप में की।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी हिमांशु चड्ढा खुद एक शातिर अपराधी है। वह पूर्व में जिला कारागार देहरादून और केंद्रीय कारागार सितारगंज में बंद रह चुका है। वहीं, उसकी पत्नी शीला पर भी ज्वालापुर कोतवाली में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
