Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून के हरबर्टपुर और पिथौरागढ़ के डीडीहाट में खुलेगा अतिरिक्त जिला सैनिक कल्याण कार्यालय

कारगिल विजय दिवस पर सीएम धामी ने की घोषणा, सभी सैनिक द्वार व स्मारकों की देखरेख करेगा सैनिक कल्याण विभाग और जिला प्रशासन
देहरादून। कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) पर बुधवार को गांधी पार्क में मुख्य समारोह हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी।
सीएम ने घोषणा की कि देहरादून के हरबर्टपुर व पिथौरागढ़ के डीडीहाट में एक-एक अतिरिक्त जिला सैनिक कल्याण कार्यालय खोला जाएगा। प्रदेश के सभी सैनिक द्वार व स्मारकों की देखरेख सैनिक कल्याण विभाग और जिला प्रशासन करेगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन इसलिए जरूरी हैं ताकि भावी पीढ़ी इस शौर्य गाथा से परिचित हो। इसे अपने मानस पटल, अपनी स्मृति में रखे। कहा कि दून के गुनियालगांव में बलिदानियों की स्मृति में भव्य सैन्यधाम का निर्माण किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य है कि वह इतना भव्य बने कि देशभर के लोग यहां आएं। सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में सैनिक स्मृति केंद्र बनाने व प्रदेश में सैनिक विश्राम गृह की संख्या बढ़ाने का भी काम सरकार कर रही है। राज्य सरकार पूर्व सैनिकों व बलिदानी सैनिकों के आश्रितों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है। बलिदानी सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को उसकी योग्यता अनुसार सरकार सेवायोजित कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›