Connect with us

हल्द्वानी

लखनऊ हादसे के बाद हल्द्वानी में एक्शन, फायर सेफ्टी में फेल 6 कोचिंग सेंटर और 1 कॉलेज सील

Published

on

खबर शेयर करें 👉

लखनऊ की आग की घटना के बाद हल्द्वानी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। फायर सेफ्टी नॉर्म्स पूरे न करने पर 6 कोचिंग सेंटर और 1 कॉलेज को सील कर दिया गया है। देखें पूरी लिस्ट।

हल्द्वानी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुई हालिया भीषण आग की घटना के बाद उत्तराखंड का प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। हल्द्वानी में जिला प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त रूप से कोचिंग सेंटरों पर औचक छापेमारी की। इस जांच अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों में भारी लापरवाही देखने को मिली। फायर सेफ्टी नॉर्म्स (अग्निशमन सुरक्षा मानक) का पालन न करने पर प्रशासन ने तुरंत सख्त रुख अपनाते हुए छह नामी कोचिंग सेंटरों और एक कॉलेज को सील कर दिया है।
प्रशासनिक टीम जब जांच के लिए दुर्गा सिटी सेंटर और आसपास के इलाकों में पहुंची, तो वहां भगदड़ मच गई। जांच में सामने आया कि कई संस्थानों के पास न तो आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था थी और न ही आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण मौजूद थे। छात्रों की सुरक्षा को ताक पर रखकर चलाए जा रहे इन सेंटरों पर प्रशासन ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी। इस बड़ी कार्रवाई के तहत संकल्प कोचिंग सेंटर, प्रदीप एकेडमी-1 और प्रदीप एकेडमी-2 को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
इसके अलावा दुर्गा सिटी सेंटर स्थित प्रसिद्ध जीत IAS कोचिंग सेंटर, फिजिक्स कोचिंग सेंटर (तृतीय तल) और तुषार पन्त पी.एम.टी. क्लासेस पर भी प्रशासन का डंडा चला है। लापरवाही की इसी कड़ी में मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर जयश्री कॉलेज, हल्द्वानी को भी सील करने की कार्रवाई की गई है। वहीं दूसरी ओर, कल्पवृक्ष इंस्टिट्यूट के पास फायर एनओसी (NOC) मौजूद थी, लेकिन कुछ अन्य कमियां पाए जाने के कारण उसे राहत देते हुए कमियों को सुधारने के लिए 3 दिन का समय और नोटिस दिया गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट और फायर अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि बच्चों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हल्द्वानी में यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई होगी। इस अचानक हुए एक्शन के बाद पूरे शहर के कोचिंग संचालकों और निजी शैक्षणिक संस्थानों में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा को अपनों से चुनौती, दो नेताओं की पत्नियों ने दाखिल किया निर्दलीय नामांकन

Select Language

Advertisement