हल्द्वानी
हल्द्वानी में फूटा गुस्सा: रामपुर रोड पर जल निगम और ठेकेदारों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
रामपुर रोड पर पाइप लाइन के गड्ढे न भरने से नाराज समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों ने जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। आंदोलन की चेतावनी।
हल्द्वानी। शहर में विकास कार्यों की कछुआ चाल से परेशान जनता का गुस्सा अब सड़कों पर फूटने लगा है। रामपुर रोड हाईवे पर पिछले दो महीनों से खोदी गई सड़क की मरम्मत न होने से नाराज क्षेत्रवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जल निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पाइप लाइन डालने के बाद सड़कों को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं अंजलि वर्मा ने बताया कि रामपुर रोड पानी की टंकी से गली नंबर 9 तक जल निगम द्वारा पानी की पाइप लाइन डालने का काम पिछले दो महीनों से चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद भी ठेकेदारों द्वारा इन गड्ढों को भरा नहीं जा रहा है। इस लापरवाही के कारण व्यस्त रामपुर रोड पर आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
सड़क की दुर्दशा के कारण इस मुख्य हाईवे पर सैलानियों और स्थानीय लोगों को रोजाना घंटों लंबे ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है। समाजसेवी विशाल वर्मा ने कहा कि गड्ढों से उठने वाली भारी धूल और मिट्टी के कारण क्षेत्र के छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है। लगातार उड़ती धूल से सांस और आंखों से जुड़ी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ गया है।
अंजलि वर्मा ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इसी रामपुर रोड से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और जिलाधिकारी सहित तमाम वीवीआईपी का आवागमन होता है। इसके बावजूद अधिकारी और नेता इस गंभीर समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसा लगता है कि शासन-प्रशासन किसी बड़ी और जानलेवा दुर्घटना के होने का इंतजार कर रहा है।
