हल्द्वानी
उत्तराखंड में बड़ा हादसा: काशीपुर में दो और पिथौरागढ़ में एक युवक की डूबने से मौत
काशीपुर की महादेव कॉलोनी में बरसाती पानी से भरे प्लॉट में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत। वहीं पिथौरागढ़ के स्विमिंग पूल में एक युवक ने गंवाई जान।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के दो अलग-अलग जिलों से पानी में डूबने के कारण तीन लोगों की मौत की बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक खबरें सामने आई हैं। पहली घटना उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र की है, जहाँ महादेव कॉलोनी में बरसाती पानी से भरे एक खाली प्लॉट में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना पर्वतीय जिले पिथौरागढ़ से सामने आई है, जहाँ एक युवक की स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान डूबने से जान चली गई। इन हादसों के बाद दोनों ही परिवारों में कोहराम मच गया है।
काशीपुर के बड़े गुरुद्वारे के पीछे स्थित महादेव कॉलोनी में बुधवार दोपहर को यह दर्दनाक हादसा हुआ। मूल रूप से रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी राजेंद्र कश्यप का 6 वर्षीय बेटा देव और मुरादाबाद निवासी नन्हें का 6 वर्षीय बेटा मयंक घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे कॉलोनी के ही एक प्लॉट में जमा हुए बरसाती पानी में नहाने उतर गए। पानी गहरा होने के कारण दोनों मासूम उसमें डूबने लगे। उन्हें डूबता देख एक अन्य 8 वर्षीय बच्चे कबीर ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी डूबने लगा।
कबीर के शोर मचाने पर स्थानीय युवक अमन तुरंत मौके पर पहुंचा और पानी में छलांग लगा दी। अमन ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले कबीर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद कबीर से जानकारी मिलते ही अमन ने देव और मयंक को भी पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में दोनों बेसुध बच्चों को काशीपुर के एलडी भट्ट राजकीय उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में तैनात डॉ. साक्षी ने गहनता से स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद दोनों मासूम बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरी दुखद घटना पिथौरागढ़ जिले से सामने आई है, जहाँ बुधवार शाम को एक युवक की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। मूल रूप से चौकोड़ी निवासी 31 वर्षीय गिरीश राम अपने दोस्तों के साथ अड़किनी इलाके में घूमने गया था। यहाँ सभी दोस्त एक स्विमिंग पूल में नहाने के लिए उतरे थे, तभी अचानक गिरीश पानी की गहराई में समा गया। दोस्त उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ डॉक्टर आशु अवस्थी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
