Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में प्रशासन का बड़ा एक्शन: 3 ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल सील, नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी में डीएम के निर्देश पर प्रशासन की छापेमारी। बिना पार्किंग और संसाधनों के चल रहे 3 मोटर ड्राइविंग स्कूलों को किया गया सील। धोखाधड़ी से बचने की अपील।

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुक्रवार को हल्द्वानी में जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। शहर में संचालित मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण स्कूलों पर अचानक की गई इस छापेमारी से संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कई संस्थान बिना पर्याप्त संसाधनों, पार्किंग व्यवस्था और आवश्यक उपकरणों के ही प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी करते पाए गए। प्रशासन ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तीन स्कूलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
एडीएम प्रशासन विवेक राय और आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह के नेतृत्व में टीम ने कई संस्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि ‘देव भूमि मोटर ड्राइविंग’ और ‘जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग’ स्कूल के ऑनलाइन पोर्टल तक संचालित नहीं थे। इसके अलावा ‘निर्मल मोटर ट्रेनिंग स्कूल’ का पंजीकरण रामनगर का था, लेकिन वह अवैध रूप से हल्द्वानी के आरटीओ रोड पर चलाया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन के कारण इन सभी के संचालन पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन को छापेमारी के दौरान धोखाधड़ी की शिकायतें भी मिलीं। एक संस्थान द्वारा लाइसेंस नवीनीकरण के नाम पर अवैध रूप से फीस वसूली जा रही थी, जबकि उसका अपना लाइसेंस पहले ही निरस्त हो चुका था। अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदक के 1100 रुपये वापस कराए। आरटीओ ने बताया कि इन स्कूलों के लाइसेंस को स्थाई रूप से निलंबित करने की संस्तुति शासन को भेज दी गई है।
निरीक्षण टीम में शामिल एसडीएम प्रमोद कुमार और एआरटीओ विपिन सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक ये स्कूल सभी मानक पूरे नहीं करते, इन्हें दोबारा खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि वे ड्राइविंग लाइसेंस या परिवहन विभाग से संबंधित किसी भी कार्य के लिए केवल अधिकृत आरटीओ कार्यालय या मान्यता प्राप्त केंद्रों का ही उपयोग करें। बिचौलियों और अवैध संस्थानों से बचना ही सुरक्षा की गारंटी है।
कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिसे प्रशासन ने मानक के अनुरूप बताया। एडीएम विवेक राय ने चेतावनी दी है कि शहर में अन्य स्थानों पर भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। परिवहन विभाग अब उन सभी आवेदनों की भी जांच कर रहा है जो इन सील किए गए संस्थानों के माध्यम से हाल के दिनों में जमा किए गए थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement