Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: फतेहपुर में भाखड़ा नाला पार करते बाइक सवार बहे, बाल-बाल बची जान

कालाढूंगी के फतेहपुर रेंज में उफान पर आए भाखड़ा नाले को पार करते समय दो बाइक सवार तेज बहाव में बह गए। किसी तरह 30 मीटर दूर निकलकर बचाई जान।

हल्द्वानी। उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। मंगलवार सुबह कालाढूंगी के फतेहपुर रेंज स्थित भाखड़ा नाले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उफान पर बह रहे नाले को पार करने का प्रयास कर रहे दो बाइक सवार पानी के तेज बहाव में बह गए। गनीमत रही कि लगभग 30 मीटर तक बहने के बाद दोनों ने हिम्मत दिखाते हुए नाले से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह दो ग्रामीण मोटरसाइकिल से कालाढूंगी की ओर जा रहे थे। फतेहपुर के पास भाखड़ा नाला जलस्तर बढ़ने से बेहद तेज रफ्तार में बह रहा था। खतरे को अनदेखा करते हुए बाइक सवारों ने नाला पार करने की कोशिश की। जैसे ही मोटरसाइकिल नाले के बीच में पहुंची, पानी के प्रचंड वेग के कारण असंतुलित होकर पलट गई। इसके साथ ही दोनों सवार पानी के तेज बहाव में बहने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों काफी देर तक खुद को संभालने में नाकाम रहे। लगभग तीस मीटर तक पानी में बहने के बाद वे एक ऐसे स्थान पर पहुंचे जहां जलस्तर थोड़ा कम और बहाव धीमा था। वहां दोनों ने हिम्मत जुटाई और खुद को तथा अपनी बाइक को नाले से बाहर खींच निकाला। इस तरह समय रहते दोनों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी थी। हालांकि, जब तक पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब तक दोनों ग्रामीण सुरक्षित बाहर निकलकर कालाढूंगी की तरफ रवाना हो चुके थे। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उफान पर बहते नदी-नालों को पार करने का जोखिम बिलकुल न उठाएं और सतर्कता बरतें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›